उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि रुद्रपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण सामने आया है। दोनों आरोपी मृतक के साथ शराब पी रहे थे, इसी दौरान नशे की हालत में आपसी विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पत्थर से मृतक का सिर कुचलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमे में धारा 239 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि रुद्रपुर पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से इस हत्याकांड का सफल खुलासा संभव हो पाया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

