देहरादून:
देहरादून में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिटी से मुलाकात कर सोशल मीडिया पर कांग्रेस के खिलाफ चलाए जा रहे एक कथित पेज को लेकर आपत्ति दर्ज कराई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उक्त सोशल मीडिया पेज के माध्यम से लगातार पार्टी की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
कांग्रेस प्रतिनिधियों का कहना है कि इससे पहले भी वे एसपी सिटी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले में मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्रवाई न होने से यह संदेश जाता है कि सरकार ऐसे लोगों को संरक्षण दे रही है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि दो दिन पहले भी इसी सोशल मीडिया पेज पर मेनूप्लेट (एडिटेड) वीडियो डालकर पार्टी को बदनाम करने की कोशिश की गई। उन्होंने एसपी सिटी से मांग की कि ऐसे पेज संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सोशल मीडिया का दुरुपयोग रोका जा सके।
कांग्रेस का कहना है कि यदि समय रहते इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो इससे लोकतांत्रिक माहौल और सार्वजनिक शांति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

