गदरपुर के वर्तमान विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय ने बाजपुर चीनी मिल मे एक प्रेस वार्ता आयोजित कर अपने ऊपर लगे आरोपों पर खुलकर जवाब दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक संपत्ति से जुड़े जिस मामले में मां-बेटे द्वारा उन पर आरोप लगाए गए हैं। उसकी जांच स्वयं सरकार सीबीआई से कराए।
विधायक अरविंद पांडेय ने कहा कि वे किसी भी प्रकार की निष्पक्ष जांच से नहीं डरते हैं और चाहते हैं कि पूरे मामले की गहन जांच हो, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि “दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा” तथा जो भी इस मामले में दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी आरोप लगाए कि राजनीतिक द्वेष के चलते उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता उनके कार्यों से भली-भांति परिचित है और उन्हें न्यायपालिका व जांच एजेंसियों पर पूरा भरोसा है। अंत में विधायक अरविंद पांडेय ने दोहराया कि वे पारदर्शिता के पक्षधर हैं और सच सामने लाने के लिए सीबीआई जांच ही सबसे उचित माध्यम है।
बता दें कि ग्राम शिवपुरी,थाना केलाखेड़ा निवासी वृद्ध महिला परमजीत कौर व उनके पुत्र द्वारा sdm बाज़पुर डॉ अम्रता शर्मा को प्रार्थना पत्र देकर गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय व उनके परिजन पर उनकी जमीन हड़पने, व पूर्व में पुत्री पर हमला कर घायल करने व अपने पुत्र की जान को खतरा जैसे गंभीर आरोप लगाये गए हैं ।साथ ही उनका कहना है कि मेरी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है ।परमजीत कौर ने न्याय न मिलने पर आत्महत्या तक करने की बात भी कही है।

