हरिद्वार:
हरिद्वार में नजीबाबाद हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलते कंटेनर में अचानक आग लग गई। चेन्नई से माल लेकर बीएचईएल हरिद्वार आ रहा कंटेनर जैसे ही चंडी देवी रोपवे के पास पहुंचा, तभी उसके ड्राइवर चैंबर में अचानक आग भड़क उठी।
आग लगते ही चालक और क्लीनर ने सूझबूझ दिखाते हुए कंटेनर को सड़क किनारे रोका और कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि कंटेनर में लदा सामान सुरक्षित बचा लिया गया, हालांकि ड्राइवर चैंबर पूरी तरह जलकर राख हो गया।
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही और स्थिति को सामान्य कराया गया।

