हरिद्वार
कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लेना शुरू कर दिया है। मेला अधिकारी सोनिका ने अधिकारियों की टीम के साथ ज्वालापुर रेलवे स्टेशन समेत कई प्रमुख घाटों और मार्गों का निरीक्षण कर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर जरूरी निर्देश दिए।
मेला अधिकारी सोनिका ने ज्वालापुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए कहा कि कुंभ मेले के दौरान स्टेशन श्रद्धालुओं के आवागमन का प्रमुख केंद्र रहेगा, इसलिए यहां बेहतर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने स्टेशन पर अतिरिक्त निकासी द्वार, दूसरी ओर से प्रवेश मार्ग, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सिंहद्वार, शंकराचार्य चौक, आसपास के घाटों और मायापुर रेगुलेटर क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों के साथ श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और सुरक्षित स्नान व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई।

