हरिद्वार:
हरिद्वार पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज में बाइक चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए साइलेंसरों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई शंकराचार्य चौक पर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का संदेश देने के उद्देश्य से की गई।
इस दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस मुख्यालय से मिली 7 नई बुलेट बाइकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये बाइकें ट्रैफिक कंट्रोल और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया। एसएसपी ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह गंभीर है।

