हरिद्वार। हरिद्वार के शिव घाट पर श्रद्धालुओं और आम लोगों से यूरिन सुविधा के नाम पर कथित रूप से अवैध वसूली करने के मामले में नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। शिकायतों के आधार पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और संबंधित व्यक्ति पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया।
नगर निगम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शिव घाट क्षेत्र में एक व्यक्ति सार्वजनिक शौचालय और यूरिन सुविधा के नाम पर लोगों से अनधिकृत रूप से पैसे वसूल रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम की टीम ने मौके पर निरीक्षण किया, जहां प्रथम दृष्टया अवैध वसूली की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आर्थिक दंड लगाया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने संबंधित व्यक्ति को भविष्य में इस प्रकार की अवैध वसूली न करने की सख्त चेतावनी भी दी है। निगम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुविधाओं के नाम पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार की धनराशि वसूलना नियमों के विरुद्ध है और ऐसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद घाट क्षेत्र में अवैध वसूली करने वाले अन्य लोगों में भी हड़कंप की स्थिति है। नगर निगम ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि कहीं भी सार्वजनिक स्थानों पर अवैध वसूली की जा रही हो तो इसकी सूचना तत्काल नगर निगम या प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
नगर निगम ने कहा है कि शहर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा तथा पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

