हरिद्वार:
हर की पैड़ी के पास रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। प्रतिबंधित क्षेत्र में चल रहे अवैध शराब के धंधे का भंडाफोड़ करते हुए टीम ने एक झोपड़ी से भारी मात्रा में देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, “भूरे” नाम का व्यक्ति लंबे समय से यहां अवैध रूप से शराब बेचने और पिलाने का कारोबार चला रहा था। नगर निगम की टीम जब अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंची, तभी इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद तुरंत आबकारी विभाग को सूचना दी गई और कार्रवाई की गई।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि प्रतिबंधित क्षेत्र में खुलेआम यह अवैध कारोबार चलता रहा, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल आबकारी विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि इस मामले में कहीं किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं बरती गई।
अब बड़ा सवाल यही है कि इतने बड़े स्तर पर अवैध शराब का कारोबार कैसे संचालित होता रहा और क्या जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

