हरिद्वार:
धर्मनगरी हरिद्वार की मर्यादा और पवित्रता को बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। प्रतिबंधित क्षेत्रों में ऑनलाइन माध्यम से नॉनवेज खाना डिलीवर किए जाने की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए नगर निगम ने प्रमुख डिलीवरी कंपनी रैपीडो (Rapido) को ईमेल के जरिए आधिकारिक चेतावनी जारी की है।
नगर निगम द्वारा भेजी गई इस चेतावनी में स्पष्ट किया गया है कि कंपनी तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित क्षेत्रों में नॉनवेज आइटम की डिलीवरी बंद करे। साथ ही, कंपनी को अपने सभी राइडर्स को कड़े निर्देश जारी करने को कहा गया है ताकि भविष्य में नियमों का उल्लंघन न हो।
क्या है पूरा मामला? गौरतलब है कि हरिद्वार का एक बड़ा हिस्सा मांस-मदिरा के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित है। इसके बावजूद पिछले कुछ समय से यह सूचनाएं मिल रही थीं कि कुछ ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियां और उनके राइडर्स इन क्षेत्रों में चोरी-छिपे नॉनवेज खाना पहुंचा रहे हैं। इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब स्थानीय हिंदूवादी संगठनों ने इसका कड़ा विरोध किया और प्रशासन से मर्यादा भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन का रुख नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि हरिद्वार की धार्मिक भावनाओं और यहां के तय नियमों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि चेतावनी के बाद भी डिलीवरी कंपनियां नियमों का उल्लंघन करती पाई गईं, तो उनके खिलाफ भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
फिलहाल, इस कदम के बाद अन्य ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफार्म्स पर भी नजर रखी जा रही है ताकि धर्मनगरी की गरिमा बनी रहे।

