देहरादून पहुंचे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं के मुद्दों को दी आवाज
देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून पहुंचे, जहां जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उन्हें भगवान बदरीविशाल से जुड़ी पारंपरिक तुलसी एवं भोजपत्र की माला पहनाकर सम्मानित किया।
एयरपोर्ट पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राहुल गांधी का स्वागत किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत, काजी निजामुद्दीन सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राहुल गांधी देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, युवाओं के भविष्य और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर संवाद स्थापित करना था।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को अपनी बात रखने का सशक्त मंच प्रदान करेगा, जहां छात्र अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे नेतृत्व के सामने रख सकेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, रोजगार के अवसर बढ़ाने और प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता जैसे विषयों पर विशेष चर्चा की गई।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पार्टी नेताओं ने इसे युवाओं से संवाद स्थापित करने और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
