देहरादून।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति साझा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के लिए जनसमर्थन जुटाएगी।
प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। के.सी. वेणुगोपाल ने बताया कि अपने दौरे के दौरान उन्होंने राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के साथ ही विधायकों और पूर्व विधायकों के साथ भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, पलायन और पेपर लीक जैसे मुद्दे जनता से सीधे जुड़े हैं और कांग्रेस इन्हीं जनसरोकारों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि उत्तराखंड के लिए पार्टी एक व्यापक और जनहित आधारित घोषणा पत्र भी तैयार कर रही है।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और गुटबाजी जैसी कोई स्थिति नहीं है। उन्होंने अयोध्या चंदा चोरी और बद्रीनाथ धाम में हुई चोरी की घटनाओं की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने की मांग की। साथ ही अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया।
कुमारी शैलजा ने बताया कि आगामी दिनों में कांग्रेस के कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता भी उत्तराखंड का दौरा करेंगे। उनका कहना था कि पार्टी प्रदेश में जनसंपर्क अभियान को और तेज करेगी तथा आगामी चुनावों में मजबूत विकल्प के रूप में जनता के बीच जाएगी।

