मसूरी की हरियाली और स्वच्छता को सहेजकर रखें’, प्रशंसकों से अभिनेत्री की खास अपील
मसूरी। बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री संगीता बिजलानी शनिवार को मसूरी पहुंचीं, जहां उन्होंने शहर के प्रतिष्ठित बेकरी ब्रांड एलोरा’स मेल्टिंग मोमेंट्स के एक प्रमोशनल कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने माल रोड पर मीडिया से बातचीत करते हुए मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और सुहाने मौसम की खुलकर सराहना की।
संगीता बिजलानी ने बताया कि उन्होंने पहली बार सड़क मार्ग से मसूरी की यात्रा की और यह सफर उनके लिए बेहद यादगार रहा। उन्होंने कहा कि पहाड़ों की हरियाली, ठंडी हवाएं और रास्ते के मनमोहक दृश्य ने उन्हें काफी प्रभावित किया। उनके अनुसार, मसूरी वास्तव में देश के सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थलों में से एक है।

अभिनेत्री ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता, हरियाली और स्वच्छ वातावरण को संरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यही विशेषताएं मसूरी को अन्य पर्यटन स्थलों से अलग पहचान दिलाती हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी इस धरोहर को सुरक्षित रखना आवश्यक है।
अपनी आगामी फिल्मों और वेब सीरीज से जुड़े सवालों पर संगीता बिजलानी ने मुस्कुराते हुए कहा कि फिलहाल वह इस बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं करना चाहतीं। उन्होंने इसे अपने प्रशंसकों के लिए एक “सरप्राइज” बताते हुए कहा कि उचित समय आने पर वह अपने नए प्रोजेक्ट्स की घोषणा करेंगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह माल रोड पर घूमकर मसूरी की खूबसूरती का आनंद लेंगी और इसके बाद देहरादून के लिए रवाना होंगी। अभिनेत्री के आगमन की सूचना मिलते ही माल रोड पर उनके प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
