घर से निकलकर कोतवाली पहुंची किशोरी, कई शहरों के होटलों में जबरन दुष्कर्म कराने का आरोप; पुलिस ने शिकायत के आधार पर शुरू की जांच
रुड़की। शहर में एक नाबालिग किशोरी ने अपनी सगी मां और सौतेले पिता पर शोषण करने और जबरन गलत गतिविधियों में धकेलने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता सोमवार को किसी तरह घर से निकलकर रुड़की कोतवाली पहुंची और पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ अपनी सुरक्षा की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
किशोरी ने पुलिस को बताया कि जब वह करीब सात वर्ष की थी, तभी उसके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उसकी मां ने मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव निवासी व्यक्ति से दूसरा विवाह कर लिया। करीब छह साल पहले वह अपनी मां के साथ रुड़की आ गई थी। आरोप है कि रुड़की आने के बाद मां और सौतेले पिता का व्यवहार उसके प्रति बदल गया और दोनों उसके साथ मारपीट करने लगे।
विरोध करने पर घर में बंद रखने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, मां और सौतेले पिता उसे जबरन गलत गतिविधियों में धकेलने लगे। उसने आरोप लगाया कि कई बार कलियर, पुरकाजी, भगवानपुर और रुड़की के अलग-अलग होटलों में उसके साथ दुष्कर्म कराया गया। विरोध करने पर उसे घर में बंद कर दिया जाता था और भूखा-प्यासा रखा जाता था। किशोरी ने यह भी आरोप लगाया कि उसे जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
सोमवार को घर से निकलकर कोतवाली पहुंची किशोरी ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सीओ ओशिन जोशी ने बताया कि नाबालिग की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

