‘दौलत कैपिटल’ के नाम पर निवेश कराने का आरोप, टोंक जेल से वारंट-B पर चमोली लाई पुलिस; एक अन्य आरोपी भी चिह्नित
चमोली। शेयर मार्केट में कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर 18.65 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में चमोली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में शामिल एक आरोपी को राजस्थान की टोंक जिला जेल से वारंट-B पर तलब कर न्यायालय में पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, कर्णप्रयाग कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 61(2) के तहत दर्ज मुकदमे की जांच में सामने आया कि साइबर ठगों ने पीड़ित को ‘दौलत कैपिटल’ के नाम से शेयर मार्केट ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा दिया था। निवेश के नाम पर अलग-अलग माध्यमों से कुल 18 लाख 65 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए।
फोन कर निवेश के लिए किया था प्रेरित
जांच के दौरान राजस्थान के टोंक निवासी आशीष मीणा उर्फ लक्की की संलिप्तता सामने आई। आरोप है कि उसने ही पीड़ित को फोन कर ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए प्रेरित किया और शुरुआती रकम ट्रांसफर करवाई थी। पुलिस के मुताबिक, आशीष को राजस्थान पुलिस ने अगस्त 2026 में गिरफ्तार किया था और वह टोंक जिला जेल में बंद था।
चमोली पुलिस ने मामले में साक्ष्य जुटाने के बाद न्यायालय से वारंट-B प्राप्त किया और आरोपी को टोंक जेल से चमोली लाकर अदालत में पेश किया।
दो आरोपियों की भूमिका आई सामने
पुलिस जांच में अब तक इस साइबर ठगी में दो आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। संदिग्ध बैंक खातों में मौजूद धनराशि को एमआरएम पोर्टल के माध्यम से होल्ड कराया गया है। पुलिस का कहना है कि इससे पीड़ित को ठगी गई रकम वापस दिलाने की संभावना बनी है। मामले में दूसरे आरोपी के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र राणा के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। मामले के खुलासे में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद प्रसाद थपलियाल, विवेचना अधिकारी उपनिरीक्षक दिनेश सिंह पंवार और महिला कांस्टेबल नितिका की भूमिका रही।
चमोली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कम समय में अधिक मुनाफा देने वाले निवेश प्रस्तावों के झांसे में न आएं। किसी अनजान व्यक्ति के कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया लिंक के जरिए निवेश करने से पहले पूरी जानकारी और विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें।

