हरिद्वार:
दुर्गा सप्तशती के पाठ से भक्तों को मिलेगा मां मनसा का आशीर्वाद: महंत रवींद्र पुरी
नवरात्रि के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में भक्तों की आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। विशेष रूप से सिद्धपीठ मां मनसा देवी मंदिर में भक्तों का विशाल सैलाब उमड़ पड़ा है। श्रद्धालु सुबह से ही मां के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। नौ दिवसीय इस महापर्व के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की जा रही है। भक्तों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है, मंदिर परिसर देवी गीतों और जयकारों से गूंज उठा है। 9 दिनों तक चलने वाले इस पर्व में मां के अलग-अलग नौ स्वरूपों की पूजा की जाएगी।
हरिद्वार स्थित शिवालिक पर्वत पर विराजमान मां मनसा देवी के दर्शन करने के लिए भक्तों की ब्रह्म मुहूर्त से ही भारी भीड़ देखने को मिल रही है वही मान्यता है कि महिषासुर का वध करने के बाद मां मनसा देवी भक्तों की मुराद पूरी करने के लिए शिवालिक पर्वत पर ही विराजमान हो गई थी। मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने बताया कि सुबह से ही लोगों की भीड़ मां देवी के दर्शन करने के लिए जुटी हुई है। अधिकतर स्थानीय श्रद्धालु यहां पर पहुंच रहे हैं और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। महंत रवींद्र पुरी का कहना है कि जैसा माँ भगवती का नाम है वैसा ही माँ भक्तो की मनसा पूरी करने के लिए माँ मनसा विख्यात है। इसीलिए यहां दर्शनों के लिए स्थानीय श्रद्धालु ही नहीं दूर-दूर से भी लोग यहां पहुंचते हैं जिसके चलते मां मनसा देवी पर नवरात्र के दिनों में भारी भीड़ देखने को मिलती है।

